कोरबा, 31 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत आज करतला रोड पर सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता के साथ-साथ श्रमदान कार्यक्रम भी संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक सहित जिले के पुलिस स्टाफ ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
समापन कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे पेड़ों में रेडियम पट्टियां लगाई गईं, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को सड़क किनारे मौजूद पेड़ स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। इसके साथ ही यातायात में बाधा बन रहे झाड़ियों एवं अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई भी की गई, जिससे सड़क मार्ग और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सके।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर आम नागरिकों को यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता से ही सुनिश्चित की जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर एएसआई मनोज राठौर, स्टाफ हेड कांस्टेबल मनोज दुबे, रवि दरैहा, ईश्वरी लहरे एवं संतोष सिंह जाहिरे विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सड़क सुरक्षा को लेकर जनहित में किए जा रहे कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।



