Vedant Samachar

जांजगीर चांपा : हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने रेस्क्यू कर भेजा जेल

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 31 जनवरी 2026। धान खरीदी का टोकन नहीं मिलने से नाराज होकर हाई टेंशन टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाले आरोपी को जांजगीर सिटी कोतवाली पुलिस ने रेस्क्यू कर गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा टोकन दिलाने के लिए प्रशासन और ग्रामीणों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कसौंदी, जांजगीर निवासी अनिल गड़ेवाल पिता रामदयाल गड़ेवाल उम्र 38 वर्ष ने धान बिक्री का टोकन नहीं मिलने और धान नहीं बिकने से परेशान होकर गांव के खेत में लगे हाई टेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों को गाली-गलौज करते हुए टोकन नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली में प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिसके बाद तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे को अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस टीम राजस्व अधिकारियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम द्वारा करीब तीन घंटे तक आरोपी को समझाइश दी जाती रही, लेकिन आरोपी लगातार अश्लील गाली-गलौज करते हुए धान बिक्री के लिए टोकन देने का दबाव बनाता रहा और आत्महत्या कर सभी को फंसाने की धमकी देता रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने सुरक्षित तरीके से आरोपी को हाई टेंशन टावर से नीचे उतारकर रेस्क्यू किया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह धान बिक्री नहीं होने और टोकन नहीं मिलने से परेशान होकर आत्महत्या की धमकी देकर प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बना रहा था। आरोपी के खिलाफ लोक सेवक को क्षति पहुंचाने की धमकी देना (धारा 224), लोक सेवक को विधि विपरीत कार्य करने के लिए विवश करना (धारा 226), सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गाली-गलौज करना (धारा 296) तथा आत्महत्या की धमकी देकर भयभीत करना (धारा 308(4)) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, प्रकाश राठौर तथा आरक्षक विनोद राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।

Share This Article