Vedant Samachar

कोरबा पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह का किया सफल आयोजन, 27 कार्यक्रमों से 6705 से अधिक नागरिक हुए जागरूक

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,31 जनवरी (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर कोरबा कलेक्टर कुणाल देवदत्त एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति में करतला से हाटी रोड पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर कलर और रेडियम पट्टी लगाई गई। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्रमदान करते हुए पेड़ों पर रेडियम पट्टी लगाकर यह संदेश दिया कि रात्रि के समय वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिले और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

पूरे सड़क सुरक्षा माह के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल और कॉलेजों में आयोजित 12 यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2820 विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। हेलमेट रैली में लगभग 150 नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि नुक्कड़ नाटक के जरिए करीब 400 लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर 9 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 1910 नागरिकों तक संदेश पहुंचाया गया। सड़क सुरक्षा से संबंधित पोस्टर चस्पा करने के दो कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1000 नागरिकों को जागरूक किया गया। यातायात नियमों का पालन करने वाले नागरिकों को चौक-चौराहों पर गुलाब भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसमें लगभग 350 लोग शामिल रहे। वहीं स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 75 वाहन और व्यक्ति शामिल हुए।

इस प्रकार कुल 27 कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 6705 नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाएं।

कोरबा पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को लेकर इस प्रकार के जागरूकता और दुर्घटना-निवारक कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article