बिलासपुर, 27 जनवरी 2026। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने आज जिले के सरकंडा एवं कोनी थाना सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने थानों की साफ-सफाई, पुलिस अधिकारियों के अनुशासन, वेशभूषा तथा थाना भवन की समग्र व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड एवं रजिस्टरों की जांच की और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक ने थानों में आने वाले पीड़ितों से स्वयं संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित और वैधानिक निराकरण के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को थाने में पीड़ितों के लिए स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था और समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से विशेष रूप से विनम्र, संवेदनशील एवं सभ्य व्यवहार करने पर जोर दिया। साथ ही फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर उनका शीघ्र वैधानिक निराकरण करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने ‘अनुभव’ अभियान के अंतर्गत फरियादियों से फीडबैक प्राप्त करने हेतु थानों में क्यूआर कोड लगाने तथा ‘सशक्त’ ऐप में चोरी गए एवं लावारिस वाहनों की एंट्री शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को इन कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।थानों के निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड और कार्यवाहियों में पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर सुधारने के निर्देश देते हुए पुलिस महानिरीक्षक ने इस संबंध में रिपोर्ट भी मांगी है। इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी भ्रमण किया तथा निर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रगति की जानकारी ली।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने बताया कि इस निरीक्षण का उद्देश्य रेंज में पदस्थापना के बाद जिले की पुलिसिंग व्यवस्था, थानों की कार्यप्रणाली और पुलिस अधिकारियों की समस्याओं को समझना तथा फरियादियों के प्रति पुलिस को और अधिक संवेदनशील बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण भविष्य में भी सतत जारी रहेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के थानों और पुलिस बल को हाईटेक बनाने, मोबाइल ऐप्स और आधुनिक तकनीकों के उपयोग में दक्ष करने को प्राथमिकता दी जा रही है, जिस दिशा में कार्य प्रारंभ हो चुका है और इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही फील्ड में दिखाई देंगे।इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



