Vedant Samachar

एमजीएम हायर सेकंडरी स्कूल बालको में गरिमामय ढंग से मना 77वां गणतंत्र दिवस

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा ,27 जनवरी (वेदांत समाचार)। “देश की सेवा से बड़ा कोई सुख नहीं होता, इस सुख को पाने के लिए समाज को निरंतर संघर्ष करना पड़ता है”—यह उद्गार एमजीएम हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य फादर सन्नी जॉन ने 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर व्यक्त किए।

विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान प्राचार्य फादर सन्नी जॉन ने ध्वजारोहण किया तथा वीर शहीदों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश के नौनिहालों को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

फादर सन्नी जॉन ने समाज में सामाजिक समरसता बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र तक, हर स्तर पर सहयोग और सद्भाव का वातावरण निर्मित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधानिक मूल्यों के संरक्षण की प्रेरणा देता है। अब देश के लिए मरने की नहीं, बल्कि जीकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की आवश्यकता है। जाति, धर्म और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने बांसुरी की मधुर धुन और बैंड की थाप पर आकर्षक परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। परेड का नेतृत्व हेड ब्वॉय डी. बाला कृष्णन, हेड गर्ल आयुषी मेजरवार सहित सौरभ रजत, नियति, रौशन विश्वकर्मा एवं अर्पिता सांडा ने किया। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने विद्यालय परिसर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं से अर्पिता सांडा, रौनक देवांगन, रुचि श्रीवास एवं छाया बरेठ तथा कक्षा 12वीं से रूद्राणी कंवर, फलक खान, दिव्यांशु कुंभकार, कृतिका वैष्णव, माही श्रोते एवं रंभा शुक्ला को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, कक्षा 10वीं की अर्पिता सांडा और कक्षा 12वीं की रूद्राणी कंवर एवं कृतिका वैष्णव को मार थियोडोसियस मेमोरियल अवॉर्ड से विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का समापन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

Share This Article