आज हम लेकर आए हैं स्पेशल मूली-पालक पत्ते के पकौड़े बनाने की रेसिपी. अक्सर हम पालक या मूली के पत्ते सब्जियों में इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब आप इससे स्नैक्स टाइम के लिए मजेदार क्रिस्पी पकौड़े भी तैयार कर सकते हैं. ये पकौड़ा बनाने में आसान है और इसे छोटे बच्चों से लेकर बड़े तक सभी पसंद भी करेंगे. आइए बताते हैं आपको कम सामग्री और बिना जयद झंझट के मूली-पालक पत्ता पकौड़ा बनाने की रेसिपी|
मूली-पालक पत्ता पकौड़ा बनाने के लिए क्या सामग्री:
पालक के पत्ते – 1 कप
मूली के पत्ते – 1 कप
बेसन – 1 कप
हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी)
चावल का आटा – 2 चम्मच
हल्दी पाउडर – आधा चम्मच
अजवाइन – आधा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
पानी – जरूरत अनुसार
तेल – तलने के लिए
मूली-पालक पत्ता पकौड़ा बनाने की विधि क्या है?
सबसे पहले आप पालक और मूली के पत्तों को अच्छे से धोकर बारीक काट लें. इसका सारा पानी अच्छे से निचोड़ लें.
अब एक बर्तन में बेसन, चावल का आटा, अजवाइन, हल्दी और नमक डालें. इसके बाद आप इसमें हरी मिर्च और कटे हुए पालक-मूली पत्ते डालें.
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें.
एक कड़ाही में तेल गर्म करें, तेल धीमी आंच पर गर्म हो जाने के बाद अपने हाथ या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे पकौड़े तेल में डालें.
पकौड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक अच्छे से तलें. इसे एक प्लेट में निकालें. इसी तरह आप सारे पकौड़े को तलकर निकाल लें.
अब आप तैयार हुए गरमा-गरम पकौड़े को हरी चटनी या सॉस के साथ परोसें और स्वाद का मजा लें|



