बालोद ,25 जनवरी (वेदांत समाचार) । जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुरामी के जंगल में शनिवार को एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की पहचान बुढ़ापारा, बालोद निवासी 35 वर्षीय कमलाबाई राजपूत के रूप में की है। महिला के हाथ पर बने KL टैटू (गोदना) के आधार पर उसके भाई ने पहचान की। जानकारी के अनुसार, कमलाबाई पिछले करीब 10 वर्षों से मायके में रहकर मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थी।
वह शुक्रवार को मोबाइल लेकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद उसका फोन रिसीव नहीं हुआ और अगले दिन मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने दो दिन तक तलाश करने के बाद डौंडीलोहारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गुरामी गांव के पास बांध के जंगल में झाड़ियों और पत्थरों के बीच शव मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत बेहद खराब थी, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया था। पुलिस को मौके से कोई पहचान पत्र या मोबाइल बरामद नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः महिला की हत्या कहीं और कर शव को जंगल में फेंका गया है। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है.



