सक्ती ,22 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के डभरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। घटना डभरा–खरसिया मुख्य मार्ग पर छुहिपाली गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के देवरी निवासी 27 वर्षीय अनूप दास महंत दोपहर के समय बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान मिट्टी फिलिंग कार्य में लगे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि अनूप दास महंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवक डभरा स्थित शिवशक्ति एग्रीटेक कार्यालय की ओपनिंग कार्यक्रम में ग्रुप के साथ शामिल होने आया था ।
हादसे की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डभरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहीं दुर्घटनास्थल से ट्रैक्टर और बाइक को जप्त कर डभरा थाना लाया गया है। फिलहाल डभरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



