कोरबा, 22 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 1 जनवरी से प्रारंभ होकर 31 जनवरी तक सतत रूप से जारी रहेगा। इसी कड़ी में गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे-130 पर कटघोरा–पाली मार्ग में वाहनों की गति सीमा की जांच की।
ट्रैफिक टीम ने स्पीडोमीटर की सहायता से वाहनों की रफ्तार मापी और तय गति सीमा का उल्लंघन करने वाले चालकों को समझाइश के साथ कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि अब मैनुअल व्यवस्था के बजाय आधुनिक तकनीक आधारित स्पीडोमीटर सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जांच अधिक प्रभावी और पारदर्शी हो सके।
इस अभियान के अंतर्गत केवल चालान की कार्रवाई ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सतर्क करने और उन्हें यातायात नियमों की पूरी जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत नेत्र परीक्षण, वाहनों की फिटनेस जांच, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से होने वाले खतरों सहित सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कैंपेन चलाया जा रहा है, ताकि युवा वर्ग और आम नागरिक यातायात नियमों को न केवल जानें बल्कि उनका पालन भी करें। गुरुवार को अधिकारियों के निर्देश पर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर मनोज राठौर के नेतृत्व में फील्ड स्टाफ ने एनएच-130 पर मोर्चा संभालते हुए सघन जांच अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। यदि वाहन चालक नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा और सभी सुरक्षित रहेंगे। सड़क सुरक्षा माह के दूसरे पखवाड़े के समापन से पहले अभियान को और तेज किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका सकारात्मक संदेश पहुंच सके।



