Vedant Samachar

भाटापारा के रियल इस्पात प्लांट हादसे पर श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जताया गहरा शोक, प्लांट सील

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा/भाटापारा, 22 जनवरी (वेदांत समाचार)। भाटापारा स्थित रियल इस्पात स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे में छह श्रमिकों की मौत और कई अन्य श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की दुखद सूचना सामने आई है। इस हृदयविदारक घटना पर श्रम एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। उन्होंने श्रम विभाग, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और घायलों के इलाज की बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई है। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Share This Article