Vedant Samachar

मृत्योपरांत अंगदान करने वालों को मिले राजकीय सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राज्य में अंगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मानवीय पहल की है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मृत्योपरांत अंगदान करने वाले व्यक्तियों को “राजकीय सम्मान” प्रदान करने की नीति पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया है।

डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई के अध्यक्ष सुरेश खांडवे की मांग को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि देश में अंगदान की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। वर्तमान में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर मात्र 0.34 लोग ही अंगदान कर रहे हैं। आँख, किडनी और लीवर जैसे महत्वपूर्ण अंगों की कमी के कारण हर वर्ष लाखों लोगों की असमय मृत्यु हो जाती है।

उन्होंने उल्लेख किया कि यदि अंगदान को सामाजिक सम्मान और सरकारी मान्यता मिले, तो लोगों में इसके प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ सकती है। डॉ. रमन सिंह ने यह भी बताया कि अंगदान के मामले में छत्तीसगढ़ देश के कई राज्यों से पीछे है, जबकि तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों ने अंगदाताओं को राजकीय सम्मान देने की घोषणा कर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इन राज्यों में इस निर्णय के बाद अंगदान के प्रति जनजागरूकता और सहभागिता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

विधानसभा अध्यक्ष ने पत्र में कहा कि सर्वधर्म सेवा संस्था (छत्तीसगढ़) द्वारा मृत्योपरांत अंगदान करने वालों को राजकीय सम्मान दिए जाने की मांग जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि राज्य में अंगदान को सामाजिक स्वीकृति, सम्मान और प्रेरणा मिल सके।

Share This Article