Vedant Samachar

परीक्षा पे चर्चा 2026 : महासमुंद की कु. सृष्टि साहू का प्रथम चरण में चयन, दिल्ली आमंत्रण

Vedant samachar
4 Min Read

रायपुर, 20 जनवरी 2026। परीक्षा पे चर्चा के नवें संस्करण में इस वर्ष भी विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पंजीयन की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 तक छत्तीसगढ़ राज्य से कुल 29.29 लाख प्रतिभागियों ने पोर्टल पर पंजीयन कराया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.16 लाख अधिक है। यह आंकड़ा कार्यक्रम के प्रति लगातार बढ़ती रुचि को दर्शाता है।

गत वर्ष पंजीयन के मामले में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर रहा था, जबकि इस वर्ष अंडमान एवं निकोबार, चंडीगढ़ और लक्षद्वीप के बाद राज्य को चौथा स्थान प्राप्त हुआ है। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष राज्य से 1.41 लाख पालकों ने भी पंजीयन कराया, जो शिक्षा के प्रति उनकी बढ़ती जागरूकता का संकेत है।

प्रथम चरण के तहत विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों से संबंधित वीडियो आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित तिथि तक कुल 171 विद्यार्थियों के वीडियो प्राप्त हुए, जिनका गठित समिति द्वारा गहन परीक्षण किया गया। इसके बाद 18 विद्यार्थियों का चयन कर उनका विवरण केंद्र को भेजा गया। चयनित विद्यार्थियों में पीएमश्री विद्यालय से 4, सेजस से 6, निजी विद्यालयों से 4, शासकीय विद्यालयों से 3 तथा केजीबीव्ही से 1 विद्यार्थी शामिल हैं।

केंद्रीय स्तर पर महासमुंद जिले के स्वामी आत्मानंद विद्यालय, नयापारा की गणित संकाय की कक्षा 12वीं की छात्रा कु. सृष्टि साहू का चयन किया गया है। कु. सृष्टि साहू, पिता श्री नरेन्द्र कुमार साहू एवं माता श्रीमती दिनेश्वरी साहू को 21 जनवरी 2026 को दिल्ली में आयोजित परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया है।

कु. सृष्टि साहू के चयन पर जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगहे ने उनसे भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अमी रूफस ने बताया कि कु. सृष्टि एक अनुशासित, परिश्रमी और अध्ययनशील छात्रा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बाल दिवस के अवसर पर कु. सृष्टि शाला नायक की भूमिका निभाते हुए प्राचार्य की कुर्सी पर बैठकर नेतृत्व प्रदान कर चुकी है।

कु. सृष्टि साहू के पिता शासकीय विद्यालय में शिक्षक हैं तथा माता गृहणी हैं। दोनों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के साथ-साथ जिले के लिए भी गौरव का विषय बताया है।

विद्यालय स्तर पर परीक्षा पे चर्चा के पंजीयन को लेकर विशेष प्रयास किए गए। प्राचार्य के अनुसार सभी शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय में 100 प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया गया और विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास कराया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।

कु. सृष्टि साहू के चयन पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय कुमार लहरे सहित शिक्षा विभाग ने हार्दिक बधाई दी है। छात्रा के दिल्ली प्रवास से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कराने में जिला परियोजना समन्वयक श्री रेखराज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा भी महासमुंद जिले को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।

परीक्षा पे चर्चा 2026 के आगामी चरणों में चयन प्रक्रिया जारी है, जिसके परिणामों की प्रतीक्षा की जा रही है।

Share This Article