Vedant Samachar

UPI से लाखों की ऑनलाइन चोरी करने वाला शातिर आरोपी आयुष डागा गिरफ्तार, 70 हजार नकद व मोबाइल जब्त

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_16908288

रायपुर, 20 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने यू.पी.आई. के माध्यम से ऑनलाइन लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी आयुष डागा पूर्व में भी चोरी के करीब एक दर्जन मामलों में रायपुर सहित अन्य राज्यों की जेलों में निरुद्ध रह चुका है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद चौक थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 जनवरी 2026 की सुबह वह ट्रेन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और घर जाने के लिए ऑटो में बैठी। घर पहुंचने के बाद जब उसने अपने पिट्ठू बैग की साइड जेब देखी तो उसका मोबाइल फोन गायब था। मोबाइल नंबर बंद कराकर पुनः सिम चालू कराने पर उसके बैंक खाते से 5,000 रुपये निकासी का संदेश प्राप्त हुआ। खाते का स्टेटमेंट देखने पर पता चला कि 13 से 16 जनवरी 2026 के बीच किसी अज्ञात आरोपी ने यू.पी.आई. के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 2,26,562 रुपये निकाल लिए थे। इस प्रकार चोरी हुए मोबाइल फोन के जरिए आरोपी ने कुल 2,44,562 रुपये की ठगी की।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 16/26 धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, ऑटो से जुड़ी जानकारी जुटाई और यू.पी.आई. लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान हीरापुर, कबीर नगर निवासी आयुष डागा के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 70,000 रुपये नकद राशि, प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष डागा पूर्व में रायपुर के थाना कबीर नगर, पुरानी बस्ती, कोतवाली सहित मध्य प्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के गोंदिया और ओडिशा में चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है। इस प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपी आयुष डागा पिता अनिल डागा, उम्र 26 वर्ष, निवासी शुभ लाभ पेपर मिल, हीरापुर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article