Vedant Samachar

अवैध धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 14711 कट्टा धान और 3 वाहन जब्त…

Vedant Samachar
3 Min Read

महासमुंद ,17 जनवरी (वेदांत समाचार)। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण और परिवहन के विरुद्ध सघन कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आज जिले में तीन अलग-अलग मामलों में कुल 14711 कट्टा अवैध धान और तीन वाहन जब्त किए गए। पहली कार्रवाई पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मोहदा में हुई।

यहां टीकेश्वर यादव के आवास, दुकान और गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में लगभग 1000 कट्टा धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। जांच में धान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इस पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए समूचा धान जप्त कर कृषि उपज मंडी पिथौरा को सुपुर्द किया गया। दूसरी कार्रवाई महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम भूरकोनी क्षेत्र में की गई। अवैध धान परिवहन की सूचना पर टीम ने दो ट्रैक्टरों को पकड़ लिया, जो धान ले जा रहे थे।

इन वाहनों से 170 कट्टा धान जब्त किया गया। दोनों वाहनों को भी कब्जे में लिया गया और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। तीसरी कार्रवाई बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम परगला में हुई, जहां अवैध रूप से 51 पैकेट धान परिवहन करते हुए पकड़े गए।

मौके पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान को जप्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मंडी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके अलावा, बागबाहरा विकासखंड के चेक पोस्ट टेमरी में भी अवैध धान परिवहन की सूचना पर कार्रवाई की गई।

यहां एक वाहन सहित 250 कट्टा धान जब्त किया गया और इसे थाना कोमाखान के सुपुर्द किया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान के अवैध भंडारण और परिवहन के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगामी दिनों में भी इसी प्रकार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों और आम जनता को सत्यापन और पारदर्शिता के साथ धान खरीद सुनिश्चित करना है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी तहसील अधिकारी और संबंधित मंडी कर्मियों को सतर्क रहते हुए अवैध धान के भंडारण और परिवहन की निगरानी करनी चाहिए। जिले में इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि धान खरीदी प्रणाली में नियमों का पालन अनिवार्य है और अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी बताया कि भविष्य में धान खरीदी और परिवहन व्यवस्था में और सुधार लाने के लिए नियमित निरीक्षण और सख्त निगरानी तंत्र बनाया जा रहा है।

Share This Article