[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

Raipur Crime News : रायपुर में लिफ्ट के बहाने 1 लाख की चोरी, आरोपी शंकर देवांगन गिरफ्तार…

रायपुर,16 जनवरी (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में दोपहिया वाहन में लिफ्ट देकर एक लाख रुपये की चोरी करने वाले आरोपी को डी.डी. नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नगदी रकम और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जप्त की है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट के सहयोग से की गई।

लिफ्ट के बहाने दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजाराम देवांगन ने थाना डी.डी. नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 11 जनवरी 2026 को वह करन नगर, डी.डी. नगर से रायपुरा पैदल जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार से उसने लिफ्ट ली। चंगोराभाठा स्थित डॉ. नीरज क्लिनिक के पीछे एक किराना दुकान के पास आरोपी ने गुटखा लेने के बहाने मोटरसाइकिल रोकी और प्रार्थी को पैसे देने दुकान भेज दिया।

इसी दौरान आरोपी प्रार्थी का वह थैला लेकर फरार हो गया, जिसमें 1,00,000 रुपये नकद, जमीन से संबंधित दस्तावेज, अस्पताल के कागजात और दवाइयाँ रखी थीं।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की रिपोर्ट पर थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 34/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस को डी.डी. नगर निवासी शंकर देवांगन की संलिप्तता के सबूत मिले।

पूछताछ में कबूली चोरी, नगदी और बाइक जप्त
आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन सहित लगभग 95 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जप्त की है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम – शंकर देवांगन
पिता – छबिराम देवांगन
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – झंडा चौक, न्यू चंगोराभाठा
थाना – डी.डी. नगर, रायपुर

फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

[metaslider id="133"]