Vedant Samachar

जंगल में तेंदू पेड़ से लटका मिला अज्ञात युवक का शव, पहचान की कोशिश जारी

Vedant samachar
2 Min Read

शिवरीनारायण, 16 जनवरी (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरपा के भड़का जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को जंगल में तेंदू पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ शव ग्रामीणों द्वारा देखा गया, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्यवाही पूर्ण की। इसके पश्चात शव को सुरक्षित रखवाया गया है, ताकि पहचान होने पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग मध्यम आयु की प्रतीत हो रही है, हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक के हाथ की कलाई में फिलिप्स कंपनी की सफेद रंग की डायल वाली घड़ी पहनी हुई पाई गई है, जो पहचान का एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता हो या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो तत्काल मोबाइल नंबर 98265 29782 पर संपर्क कर पुलिस को सूचित करें। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है और आसपास के थानों में भी सूचना प्रेषित की जा रही है।

Share This Article