बॉर्डर पर 300 किलो गांजा के साथ 2 अवैध तस्कर गिरफ्तार

बस्तर। पिछले कुछ समय से प्रदेश में अवैध तस्करों के हौसले बुंलद होते जा रहे हैं। आए दिन गांजा, शराब जैसे नशीले पदार्थों का यहाँ-वहाँ तस्करी करते पकड़े गए हैं। इस बीच एक बार फिर बस्तर पुलिस ने छग-ओडिश बॉर्डर (Chhattisgarh-Odish Border) पर गांजा की बड़ी खेप पकड़ी है। करीब 300 किलो गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग समय में यह कार्रवाई की है। जिसकी अनुमानित क़ीमत 15 लाख रुपए है। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।

बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 2 तस्कर बोलेरो और एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा की तस्करी करने वाले हैं। मुखबिर की इसी सूचना के आधार पर नगरनार थाना प्रभारी बुधराम नाग के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर तारापुर गांव के पास मोबाइल चेक पोस्ट लगाया।

इस बीच पुलिस द्वारा आने-जाने वाली वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। इस दौरान ओडिशा की तरफ से एक बोलेरो वाहन आई। जवानों ने बोलेरो की तलाशी ली जिसमें से लगभग 5.75 लाख रुपए का 115 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसके बाद जवानों ने तस्कर देवेंद्र खिलो (24) को गिरफ्तार कर लिया।


वहीं ओडिशा से आने वाले सभी ट्रकों की भी तलाशी ली जा रही थी। इस बीच एक ट्रक आई जिसकी तलाशी ली गई। ट्रक में सामानों के बीच तस्कर ने 185 किलो गांजा छिपा कर रखा हुआ था। जिसे जवानों ने बरामद कर लिया। ट्रक से बरामद किए गए गांजा की कीमत लगभग 9.25 लाख रुपए बताई जा रही है। तस्कर किशुन उरांव (26) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। यह तस्कर झारखंड का रहने वाला है। ओडिशा से गांजा लेकर झारखंड में इसकी तस्करी करने के लिए लेकर जा रहा था। नगरनार पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि दोनों तस्करों को जेल भेज दिया गया है।