Vedant Samachar

गौरव सिंह हरदी बने नवागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में उत्साह

Vedant samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठनात्मक मजबूती के तहत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची जारी की गई है। इस सूची में जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक से युवा चेहरा गौरव सिंह हरदी को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही नवागढ़ क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा और सोशल मीडिया के माध्यम से भी शुभकामनाएं दी जाती रहीं।

गौरव सिंह हरदी लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। युवाओं, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए भरोसे को संगठन में सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके नेतृत्व में नवागढ़ ब्लॉक में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा।

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गौरव सिंह हरदी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी क्षमता और निष्ठा के साथ निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नवागढ़ ब्लॉक के बुजुर्गों के अनुभव, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर संगठनात्मक कार्य किया जाएगा। सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता होगी।

गौरव सिंह हरदी ने कहा कि आने वाले समय में ब्लॉक स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार बैठकें, जनसंपर्क अभियान और संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने पार्टी के शीर्ष और स्थानीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चरणदास महंत, दीपक बैज, राघवेंद्र कुमार सिंह, ब्यास कश्यप, शेषराज हरबंश, राजेश अग्रवाल और पंकज शुक्ला के मार्गदर्शन और विश्वास से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से नवागढ़ ब्लॉक को कांग्रेस का मजबूत गढ़ बनाया जाएगा।

गौरव सिंह हरदी की नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले दिनों में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article