Vedant Samachar

बड़ी वारदात से पहले पकड़ा गया युवक? देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद…

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,14 जनवरी (वेदांत समाचार)। शहर में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत तारबाहर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी स्थित उर्दू स्कूल ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हाथ में थैला लिए किसी बड़ी वारदात या सौदे की फिराक में खड़ा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तारबाहर पुलिस और आरपीएफ बिलासपुर की एक संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजी गई। पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद थैले से 01 नग देशी कट्टा, 01 नग जिंदा कारतूस, 02 मोबाइल फोन और 03 रेल टिकट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान सद्दाम हसन शेख (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी हथियार लेकर शहर में किसे सप्लाई करने आया था या उसका उद्देश्य क्या था। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share This Article