Vedant Samachar

कोदो चावल खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत अचानक बिगड़,फूड पॉइजनिंग की आशंका…

Vedant Samachar
2 Min Read

बलरामपुर ,11 जनवरी(वेदांत समाचार)। बलरामपुर जिले के रामचन्द्रपुर विकासखंड अंतर्गत कालिकापुर गांव में कोदो चावल खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। भोजन करने के लगभग दो घंटे बाद सभी को चक्कर आने लगे, उल्टियां शुरू हो गईं तो कुछ सदस्य बेहोशी की हालत में नजर आए। प्रारंभिक जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का बताया जा रहा है, जिसमें कोदो चावल को संभावित कारण माना जा रहा है।

बीमार हुए लोगों में पटेल पारा निवासी रघुनाथ सिंह (67 वर्ष), मोहरमानी देवी (63 वर्ष), शकुंती देवी (45 वर्ष), धीरज सिंह (13 वर्ष) और संदीप सिंह (10 वर्ष) शामिल हैं। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी को निजी वाहन से रामचन्द्रपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को भर्ती कर लिया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मरीजों को निगरानी में रखा गया है और दवाइयां दी जा रही हैं। रामचन्द्रपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में पांच मरीज भर्ती हुए हैं और सभी की हालत अब सामान्य है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर कोदो चावल के सेवन से ही यह स्थिति उत्पन्न हुई प्रतीत हो रही है।

Share This Article