जांजगीर-चांपा, 09 जनवरी 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। आबकारी आयुक्त आर. शंगीता एवं कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में पूरे जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी नीलिमा दिघ्रस्कर ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत 1 अप्रैल 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक अवैध शराब से जुड़े मामलों में आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 1337 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
इस अवधि में आबकारी विभाग द्वारा बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान 2.160 लीटर स्प्रिट, 227.53 लीटर देशी मदिरा, 4199.920 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं 12,410 किलोग्राम महुआ लहान जब्त की गई है। सभी मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
