Vedant Samachar

CG CRIME : आईफोन के लालच में रिश्तों की डोर टूटी: भतीजी ने बॉयफ्रेंड संग रची 51 लाख की चोरी की साजिश…

Vedant Samachar
3 Min Read

जशपुर पुलिस ने लाखों की चोरी का किया खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, कार व सोना बरामद

जशपुर, 09 जनवरी(वेदांत समाचार)। जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केराडीह, रैनीडांड में हुई करोड़ों की चोरी का जशपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस सनसनीखेज चोरी की मास्टरमाइंड घर की ही भतीजी निकली, जिसने अपने बॉयफ्रेंड और साथियों के साथ मिलकर अपने ही बड़े पिताजी के घर से 15 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात सहित कुल 51 लाख 82 हजार 300 रुपये की चोरी को अंजाम दिया।

आईफोन से शुरू हुआ लालच, पहुंचा जेल तक

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती मिनल निकुंज को सबसे पहले घर में रखे पैसों की जानकारी मिली, जहां से उसने चोरी की शुरुआत आईफोन खरीदने के लालच में की। धीरे-धीरे यह लालच बढ़ता गया और फिर पूरे सूटकेस में रखी नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया गया।

चोरी के पैसों से खरीदी कार, की पार्टियां

आरोपियों ने चोरी की रकम से करीब 25 लाख रुपये की हरियर कार खरीदी, रायपुर में विला बुक कर पार्टियां कीं और अलग-अलग जगहों पर घूमते हुए लाखों रुपये खर्च किए। सोने की बिस्किट बेचने के लिए आरोपी राउरकेला (ओडिशा) भी गए।

रांची के होटल से हुई गिरफ्तारी

लगातार फरार चल रहे मिनल निकुंज और उसके बॉयफ्रेंड अनिल प्रधान को पुलिस ने तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से रांची (झारखंड) के एक होटल से हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

अब तक बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—

1 हरियर कार

86,300 रुपये नकद

100 ग्राम, 50 ग्राम व 20 ग्राम के सोने के बिस्किट

सोने का कड़ा व मंगलसूत्र

1 आईफोन

4 एंड्रॉयड मोबाइल
जप्त किए हैं, जिनकी कुल वर्तमान कीमत लगभग 51.82 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. मिनल निकुंज (21), ग्राम केराडीह, रैनीडांड
  2. अनिल प्रधान (25), ग्राम बासनताला
  3. अभिषेक इंद्रवार (28), गोरिया टोली
  4. लंकेश्वर बड़ाईक (35), जिला गुमला (झारखंड)
  5. अलीशा भगत (29), सिटी कोतवाली जशपुर

अन्य आरोपी चिन्हित, तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य आरोपी चिन्हित कर लिए गए हैं और उनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि नारायणपुर क्षेत्र की इस बड़ी चोरी में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी लगभग पूरी हो चुकी है और शेष आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।

Share This Article