Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा में सट्टा खेलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 06 जनवरी 2026 (वेदांत समाचार)। जिले में जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सट्टा खेलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में थाना पामगढ़ पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी छोटेलाल सूर्यवंशी, निवासी उरैहा चंडीपारा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी लिखा हुआ कागज, एक पेन तथा नगद 700 रुपये बरामद किए गए। आरोपी द्वारा सट्टा खेलाने की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक सावन सारथी (थाना प्रभारी पामगढ़), प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक भुवनेश्वर पटेल, राघवेंद्र घृतलहरे एवं श्याम ओग्रे की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article