Vedant Samachar

कोरबा:2025 बैच के IAS ऑफिसर ट्रेनी ने विंटर स्टडी टूर के दौरान गेवरा कोल माइंस का किया दौरा

Vedant samachar
2 Min Read
IAS ऑफिसर ट्रेनी के एक समूह ने विंटर स्टडी टूर के दौरान साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की गेवरा कोयला खदान का दौरा.

कोरबा, 02 जनवरी 2026। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी द्वारा संचालित IAS प्रोफेशनल कोर्स (फेज-I) के अंतर्गत 2025 बैच के IAS ऑफिसर ट्रेनी के एक समूह ने विंटर स्टडी टूर के दौरान साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की गेवरा कोयला खदान का दौरा किया। यह शैक्षणिक भ्रमण कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, फाइनेंस एंड इकोनॉमी तथा रिसोर्स सेक्टर मॉड्यूल का हिस्सा था।

दौरे का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और रणनीतिक संसाधन क्षेत्रों के कार्य संचालन की प्रत्यक्ष जानकारी देना था। इस दौरान अधिकारियों को एशिया की सबसे बड़ी ओपनकास्ट कोयला खदान गेवरा में चल रहे बड़े पैमाने के खनन कार्यों की जानकारी दी गई तथा राष्ट्रीय ऊर्जा सुरक्षा में SECL की भूमिका से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने सक्रिय खदान क्षेत्र का निरीक्षण किया और आधुनिक ओपनकास्ट माइनिंग ऑपरेशन को करीब से देखा। SECL के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कोयला उत्पादन की प्रक्रिया, खदान योजना, सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली, आधुनिक खनन तकनीकों के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण उपायों तथा सतत खनन पहलों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

प्रस्तुति के दौरान पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए उच्च उत्पादन लक्ष्य हासिल करने, सख्त नियामकीय अनुपालन, वैज्ञानिक भूमि पुनर्वास और स्थानीय समुदायों के सतत विकास पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षु IAS अधिकारियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए खनन क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।

इस शैक्षणिक दौरे से प्रशिक्षु अधिकारियों को ऊर्जा, संसाधन प्रबंधन और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की भूमिका को समझने का व्यावहारिक अनुभव मिला, जो उनके प्रशासनिक प्रशिक्षण में सहायक सिद्ध होगा।

Share This Article