Vedant Samachar

सुशासन एक्सप्रेस के माध्यम से शासन की योजनाएँ पहुँचेगी जिले के अंतिम गाँव तक : कलेक्टर

Vedant Samachar
2 Min Read

सुशासन एक्सप्रेस पहुंचेगी आपके गांव आपके द्वार

नारायणपुर,02जनवरी (वेदांत समाचार) । जिला प्रशासन नारायणपुर द्वारा, राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने एवं ग्रामीणों के आवश्यक दस्तावेज बनाये जाने के उद्देश्य से जिले में “सुशासन एक्सप्रेस” वाहन का शुभारंभ, लघु वनोपज सहकारिता संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम के द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया।

सुशासन एक्सप्रेस वाहन में आधार कार्ड, जाति, निवास, जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, वोटर आई.डी., बैंक खाता, उज्जवला कार्ड सहित विभिन्न आवश्यक दस्तावेज बनाए जाने हेतु वाईफाई की सुविधा सहित आधार ऑपरेटर, स्व सहायता समूह की सक्रीय महिलाएं, सचिव, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं नोडल अधिकारी के रूप में एसडीएम उपस्थित रहेंगे।

इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि शासन की योजनाएँ तभी सार्थक होगी, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा। इसी सोच के साथ सुशासन एक्सप्रेस को एक चलित जन-जागरूकता वाहन के रूप में तैयार किया गया है, जो गाँव-गाँव जाकर लोगों को उनके अधिकारों और योजनाओं से लाभान्वित करेगा।

सुशासन एक्सप्रेस द्वारा, ग्राम स्तर पर चौपाल, हाट-बाज़ार एवं सार्वजनिक स्थलों पर रुककर लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे सुशासन एक्सप्रेस से प्राप्त होने वाली सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें । उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य पारदर्शिता, सहभागिता और विश्वास के साथ सुशासन को जमीनी स्तर तक मजबूत करते हुए जिले के नागरिकों को इसका लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप सिंह मण्डावी, नगरपालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जनपद अध्यक्ष ओरछा नरेश कोर्राम, नारायणपुर पिंकी उसेण्डी, पार्षदगण, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, अपर कलेक्टर बिरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, दीपक हिरवानी, वरिष्ठ निज सहायक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण मौजूद थे।

Share This Article