Vedant Samachar

Raipur Crime: दुकानों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 50 हजार नकद बरामद…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,01जनवरी (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस को चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता मिली है। थाना आजाद चौक क्षेत्र अंतर्गत रामसागरपारा स्थित इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली सहित दो आरोपियों को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 50 हजार रुपये नकद राशि बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी गुरूदर्शन सिंह ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी रामसागरपारा स्थित गुरुकृपा ट्रेडर्स नामक इलेक्ट्रिक सामान की दुकान में 29-30 सितंबर 2025 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर ने प्रवेश कर आलमारी और लॉकर का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी कर ली थी। इस मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 291/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।

इसी प्रकार एक अन्य घटना में प्रार्थी वासु राम की रामसागरपारा स्थित सच्चो सतराम ट्रेडर्स इलेक्ट्रॉनिक दुकान में 15-16 अक्टूबर 2025 की रात अज्ञात चोर द्वारा केबिन के लॉकर से नगदी रकम चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 303/25 धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया। प्रार्थियों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली और व्यास नारायण वर्मा को पकड़ा। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की नगदी रकम 50 हजार रुपये बरामद की।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली एक शातिर चोर है, जिसके विरुद्ध रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर, कोतवाली, तेलीबांधा और पंडरी थानों में चोरी और नकबजनी के लगभग एक दर्जन प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों में जतिन तलरेजा उर्फ भोपाली, पिता दयालदास तलरेजा, उम्र 24 वर्ष, निवासी महावीर नगर, अनमोल सुपर बाजार के पास, थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर तथा व्यास नारायण वर्मा, पिता स्वर्गीय वेदप्रकाश वर्मा, उम्र 42 वर्ष, निवासी अकोली (अ), थाना भाटापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार शामिल हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना आजाद चौक में विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article