धमतरी,01जनवरी (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धमतरी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने धमतरी–भखारा रोड का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम देमार, पिपरछेड़ी, कोलियारी, सेमरा एवं सिहाद मार्ग पर स्थित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) का विस्तार से जायजा लिया गया। निरीक्षण में स्थानीय एसडीओपी, थाना प्रभारी, तहसीलदार के साथ यातायात प्रभारी, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग तथा राजस्व अमले के अधिकारी भी मौजूद रहे।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं के कारणों का गहन अध्ययन किया गया। सड़क की भौगोलिक स्थिति, यातायात दबाव, सड़क की चौड़ाई, मोड़ों की संरचना, दृश्यता, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्डों की उपलब्धता तथा पूर्व वर्षों के दुर्घटना आंकड़ों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा करते हुए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों पर शीघ्र सुधार कार्य प्रारंभ किए जाएं। आवश्यकता के अनुसार सड़क चौड़ीकरण, रिफ्लेक्टर और रोड सेफ्टी मार्किंग, चेतावनी एवं सूचना बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स तथा स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भारी एवं तेज गति वाले वाहनों की निगरानी बढ़ाने, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूल, हाट-बाज़ार एवं आबादी क्षेत्रों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में 19 प्रतिशत तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु में 6 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष इन आंकड़ों में और कमी लाई जाए, जिसके लिए सड़क सुधार, सख्त निगरानी और जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक जीवन अनमोल है और ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यातायात प्रबंधन, जागरूकता और सख्त निगरानी के माध्यम से दुर्घटनाओं में कमी लाना प्रशासन और पुलिस का साझा लक्ष्य है।
धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा सड़क पर किसी भी संभावित खतरे की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की है।



