[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

नगर निगम जगदलपुर द्वारा 31 दुकानों की नीलामी के लिए टेंडर आमंत्रित

जगदलपुर, 01 जनवरी (वेदांत समाचार)। नगर पालिक निगम जगदलपुर द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थित कुल 31 दुकानों एवं एक हाल की नीलामी के लिए बंद लिफाफा प्रणाली के तहत टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। नगर निगम ने इस संबंध में निविदा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है, जिससे इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन स्थानों की दुकानों एवं हाल के लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं, उनमें संजय मार्केट की 8 छोटी दुकानें, लालबाग के पास स्थित एक हाल, पुराना बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स, बैला कोठा कॉम्प्लेक्स, गीदम रोड स्थित गुंडाधुर पार्क के पास की दुकानें तथा नया बस स्टैंड परिसर के पीछे स्थित दुकानें शामिल हैं। इन सभी स्थानों को मिलाकर कुल 31 दुकानों की नीलामी की जाएगी।

नगर निगम ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी नगर निगम के राजस्व विभाग से प्राप्त कर सकते हैं। निविदा प्रपत्र लेने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि भरे हुए निविदा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे तक रखी गई है।

यह पूरी टेंडर प्रक्रिया महापौर संजय पांडे एवं राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के निर्देश पर तथा आयुक्त प्रवीण वर्मा के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से दुकानों की नीलामी कर राजस्व में वृद्धि करना है, साथ ही व्यापारियों को उचित अवसर उपलब्ध कराना है।

[metaslider id="133"]