Vedant Samachar

KORBA: पीएम सूर्यघर योजना में पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता, फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर सख्त

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 30 दिसंबर 2025 (वेदांत समाचार)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक लेकर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, पीएमओ जन-शिकायत, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन फील्ड स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जाए और नागरिकों के आवेदनों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित हो।

बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीवीटीजी परिवारों के घरों में निर्धारित समय-सीमा में सोलर सिस्टम स्थापित किए जाएं और उनके ऋण प्रकरणों को बैंक द्वारा प्राथमिकता से स्वीकृत किया जाए। योजना के अंतर्गत हितग्राही अंशदान डीएमएफ मद से दिए जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने अधिक से अधिक पीवीटीजी परिवारों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया, ताकि वे ऊर्जा के उपभोक्ता के साथ-साथ उत्पादक भी बन सकें।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग को शिविर लगाकर लोगों को योजना के फायदे बताने, 200 और 400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ने तथा नगर निकायों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में पीएम-श्री विद्यालयों और समग्र शिक्षा मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और बालवाड़ी, अतिरिक्त कक्ष, शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए जनवरी के पहले सप्ताह में प्राचार्यों की बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

इसके साथ ही आंगनबाड़ी से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों के अपार आईडी निर्माण, युक्तियुक्तकरण अंतर्गत जॉइन नहीं करने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई, डीएमएफ के निर्माण कार्यों की सतत निगरानी तथा ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

Share This Article