जांजगीर-चांपा, 30 दिसंबर (वेदांत समाचार)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे की मांग को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने धारदार हथियार से गले पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी मंगलुराम यादव, निवासी ग्राम बहेराडीह, ने दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना चांपा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि वह शाम करीब 4:30 बजे घर से तेली तालाब की ओर दिशा मैदान के लिए गया था। वापस लौटते समय पड़ोसी ओमप्रकाश यादव से उसकी मुलाकात हुई, जो अपनी गाय को ढूंढने निकला था। इसी दौरान आरोपी ओमप्रकाश यादव ने प्रार्थी से शराब पीने की बात कही। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपी ने धमकाते हुए शराब पीने के लिए दबाव बनाया और जब प्रार्थी ने फिर भी इंकार किया तो शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा।
इस बात को लेकर आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी की हत्या करने की नीयत से गले पर प्राणघातक हमला कर दिया। गला कटने से प्रार्थी को अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चांपा में तत्काल गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही थाना चांपा से पुलिस टीम मौके पर रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी ओमप्रकाश यादव पिता रामचरण यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बहेराडीह स्कूलपारा को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रारंभ में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बारीकी से पूछताछ करने पर उसने प्रार्थी मंगलुराम यादव पर चाकू से प्राणघातक हमला करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी चांपा, सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, आरक्षक शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया, भूपेंद्र गोस्वामी एवं गौरी शंकर रॉय का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।



