रायपुर, 30 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रवेश नियमों में बड़ी शिथिलता देते हुए अब कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 2025 में 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी प्रवेश के लिए पात्र घोषित कर दिया है। यह निर्णय राज्य में बड़ी संख्या में रिक्त पड़ी सीटों को भरने के उद्देश्य से लिया गया है।
यह फैसला भारतीय उपचर्या परिषद (INC) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप लिया गया है। पहले बीएससी नर्सिंग में प्रवेश के लिए न्यूनतम निर्धारित परसेंटाइल अनिवार्य था, लेकिन काउंसिलिंग प्रक्रिया के बाद भी पर्याप्त संख्या में सीटें खाली रहने के कारण परिषद ने पात्रता मानदंडों में अस्थायी छूट देने पर सहमति जताई है। इसके तहत अब कम परसेंटाइल वाले अभ्यर्थियों को भी अवसर मिलेगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ही मान्य होगी। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा में 10 परसेंटाइल या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, वे रिक्त सीटों पर प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है, जिसके भीतर सभी पात्र अभ्यर्थियों को संबंधित नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
विभाग ने यह भी बताया कि यह रियायत छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम 2019 के प्रावधानों के अंतर्गत दी जा रही है। राज्य के सभी शासकीय और निजी नर्सिंग कॉलेजों एवं संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे तय समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया को पूर्ण करें और पात्र विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2025 में प्रदेश में बीएससी नर्सिंग की कुल 7,811 सीटें उपलब्ध हैं। काउंसिलिंग के प्रथम चरण और दोबारा आवेदन प्रक्रिया के बाद भी 4,147 सीटें रिक्त रह गई हैं। इन्हीं खाली सीटों को भरने के लिए शासन द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा का अवसर मिल सके।



