रायपुर, 30 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। रायपुर रैंडोन्यूर्स द्वारा 25 दिसंबर को आयोजित LRM 1200 किलोमीटर की लंबी दूरी की साइकिलिंग इवेंट में रायपुर के साइकिलिस्ट और एनआईटी रायपुर में कार्यरत सुरेश दुआ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह चुनौती सफलतापूर्वक पूरी की। इस इवेंट में 1200 किलोमीटर की दूरी को अधिकतम 90 घंटे में पूरा करना होता है, जिसे सुरेश दुआ ने मात्र 78 घंटे 58 मिनट में तय कर लिया।
इस कठिन साइकिलिंग यात्रा के दौरान सुरेश दुआ ने चार दिनों में अलग-अलग रूट पर दूरी पूरी की। पहले दिन उन्होंने रायपुर से देवरी (महाराष्ट्र) तक 350 किलोमीटर की दूरी तय की। दूसरे दिन रायपुर से सोहेला (उड़ीसा) तक 380 किलोमीटर साइकिल चलाकर अपनी सहनशक्ति का परिचय दिया। तीसरे दिन रायपुर से कांकेर तक 300 किलोमीटर की दूरी तय की, जबकि चौथे दिन रायपुर से गरियाबंद तक 170 किलोमीटर साइकिल चलाकर इस चुनौती को पूरा किया। उल्लेखनीय बात यह रही कि इस LRM 1200 इवेंट में सुरेश दुआ अकेले प्रतिभागी थे।
सुरेश दुआ पहले से ही लंबी दूरी की साइकिलिंग में एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में अब तक चार बार “सुपर रैंडोन्यूर्स” का खिताब अर्जित किया है, जिसमें से एक सुपर रैंडोन्यूर्स का खिताब उन्होंने मात्र छह दिनों के भीतर हासिल किया था। रैंडोन्यूर्स वे साइकिलिस्ट होते हैं जो निश्चित समय सीमा में 200, 300, 400, 600 किलोमीटर या उससे अधिक की लंबी दूरी की ‘ब्रेवेट’ राइड पूरी करते हैं। यह प्रतिस्पर्धा जीतने से अधिक आत्मअनुशासन, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा होती है, जिसके लिए उन्हें आजीवन उपाधि भी प्राप्त होती है।
इसी वर्ष जुलाई महीने में सुरेश दुआ ने लेह से उमलिंगला तक की चुनौतीपूर्ण साइकिल यात्रा भी पूरी की थी, जो दुनिया का सबसे ऊँचा मोटरेबल पास माना जाता है। वर्ष 2025 में अब तक वे 16,728 किलोमीटर साइकिल चला चुके हैं, जबकि कुल मिलाकर उनका साइकिलिंग सफर 85,241 किलोमीटर से अधिक का हो चुका है।
सुरेश दुआ की यह उपलब्धि न केवल रायपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है और यह युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और साहसिक खेलों की ओर प्रेरित करने वाली है।



