Vedant Samachar

VIDEO : रामपुर में भूसे से लदा ट्रक पलटा, बोलेरो दबकर चालक की मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक हादसा…

Vedant samachar
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलासपुर रोड पर पहाड़ी गेट के पास भूसे से लदा एक ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो पर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक बिलासपुर की ओर जा रहा था और उसमें भारी मात्रा में भूसा भरा हुआ था। पहाड़ी गेट के पास बिजलीघर के सामने अचानक बाईं ओर से एक बोलेरो सामने आ गई। टक्कर से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन को पहाड़ी गेट से चमरौआ रोड की ओर मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से उसी बोलेरो पर पलट गया, जिसे बचाने का प्रयास किया जा रहा था।

ट्रक के पलटते ही बोलेरो उसके नीचे पूरी तरह दब गई। हालत ऐसी हो गई कि बोलेरो दिखाई तक नहीं दे रही थी। हादसे के वक्त बोलेरो के साथ चल रहा एक बाइक सवार और एक अन्य राहगीर भी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

बोलेरो चला रहे चालक की पहचान गंज थाना क्षेत्र के गूजर टोला निवासी फिरासत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक फिरासत बिजली विभाग के खौद बिजलीघर में तैनात एसडीओ का चालक था और सरकारी काम से बोलेरो लेकर जा रहा था। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की सूचना मिलते ही गंज, शहर कोतवाली और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा कारणों से रामपुर-बिलासपुर हाईवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। दमकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

ट्रक को हटाने के लिए चार क्रेन मंगाई गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद चारों क्रेनों की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया जा सका, तब जाकर यातायात बहाल हो पाया। पुलिस अधीक्षक विद्या सागर ने बताया कि पहाड़ी गेट के पास हुए इस हादसे में एक चालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article