Vedant Samachar

धर्म परिवर्तन का दबाव व आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, अकलतरा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा, 29 दिसंबर(वेदांत समाचार)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धार्मिक भावनाओं को आहत करने की शिकायत मिलने के बाद की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 दिसंबर 2025 को तरौद वार्ड क्रमांक 20 में दो व्यक्ति स्थानीय लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। इस दौरान उनके द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले की सूचना मिलते ही थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 661/25 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान आरोपियों की पहचान संजू दांडेकर (37 वर्ष), निवासी लीमाही, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार तथा मोती सिंह (39 वर्ष), निवासी किरारी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में की गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 एवं छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 03 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस संपूर्ण कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। मामले में थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ की तत्परता और कार्यवाही की सराहना की जा रही है।

Share This Article