आंध्र प्रदेश,29दिसंबर : आंध्र प्रदेश के यलमंचिली के पास सोमवार तड़के (29 दिसंबर 2025) टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन के बी1 और एम2 कोच में अचानक आग लग गई। आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक आग रात 12 से 1 बजे के बीच लगी। लोको पायलट को जैसे ही आग की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत ट्रेन रोक दी। इसके बाद रेलवे कर्मचारी और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बी1 कोच में 82 और एम2 कोच में 76 यात्री सवार थे। दुर्भाग्य से बी1 कोच से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। बाकी यात्री बाल-बाल बच गए। आग इतनी भीषण थी कि दोनों कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



