Vedant Samachar

मुंबई में गूंजी बिलासपुर की आवाज़, दिशा सोलंकी ने दिलाई शहर को राष्ट्रीय पहचान

Vedant Samachar
3 Min Read

विनीत चौहान,बिलासपुर,27 दिसंबर (वेदांत समाचार)। वॉइस इंडस्ट्री के देश के सबसे प्रतिष्ठित मंच इंडिया वॉइस फेस्ट – 2025 में बिलासपुर की बेटी दिशा सोलंकी ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए शहर और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। मुंबई में आयोजित इंडिया वॉइस फेस्ट के आठवें संस्करण में दिशा सोलंकी ने ‘वॉइस ऑफ द ईयर – हिंदी टीवी/डिजिटल एड’ कैटेगरी में टॉप-5 नॉमिनेशंस में स्थान बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

इंडिया वॉइस फेस्ट देश का सबसे बड़ा वॉइस इंडस्ट्री कॉन्फ्रेंस और अवॉर्ड प्लेटफॉर्म है, जहां हर वर्ष भारत भर से आए वॉइस आर्टिस्ट्स को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश से आए हज़ारों डेलीगेट्स, इंडस्ट्री लीडर्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स की उपस्थिति में टीवी व डिजिटल विज्ञापन, कॉर्पोरेट फिल्म्स, डॉक्युमेंट्री, एनीमेशन और डबिंग जैसी विभिन्न श्रेणियों में हिंदी, अंग्रेज़ी, गुजराती, मराठी, मलयालम सहित कई भारतीय भाषाओं के वॉइस आर्टिस्ट्स को सम्मानित किया गया।

बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की निवासी और शहर के लोकप्रिय रेडियो स्टेशन की पूर्व रेडियो जॉकी रह चुकीं दिशा सोलंकी का नाम इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना अपने आप में गौरव का विषय है। इस कैटेगरी में विजेता रहीं स्मिता मल्होत्रा, जो ‘बाहुबली’ फ़िल्म में देवसेना जैसे आइकॉनिक किरदार को हिंदी में आवाज़ देने वाली प्रसिद्ध एक्टर, सिंगर और डबिंग आर्टिस्ट हैं। वहीं टॉप-5 नॉमिनेशंस में निमिषा सिरोही और स्मिता मल्होत्रा जैसे दिग्गज नाम शामिल रहे, जिन्हें वॉइस इंडस्ट्री में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है। ऐसे अनुभवी कलाकारों के बीच दिशा सोलंकी का नाम शामिल होना किसी जीत से कम नहीं है।

इंडिया वॉइस फेस्ट के फाउंडर और क्यूरेटर दर्पण मेहता, जो स्वयं एक वेटरन वॉइस आर्टिस्ट हैं और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स व अंबानी वेडिंग जैसे प्रतिष्ठित आयोजनों में अपनी आवाज़ दे चुके हैं, ने कहा कि एआई के बढ़ते दौर में भी मानवीय आवाज़ की अहमियत कभी कम नहीं होगी और सशक्त आवाज़ों को दुनिया तक पहुँचाना हमारा दायित्व है। इसी अवसर पर दर्पण मेहता द्वारा दिशा सोलंकी को ‘गुजराती टीवी/डिजिटल एड’ कैटेगरी में पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट भी प्रदान किया गया।

वर्तमान में दिशा सोलंकी Ministry of Indian Railways, Malabar Gold & Diamonds, Pantaloons, Manyavar Mohey और Microsoft Co-Pilot जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स की पसंदीदा आवाज़ों में शामिल हैं। साथ ही, वे भविष्य में डबिंग इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाने की इच्छा रखती हैं।

Share This Article