Vedant Samachar

IBM का नया स्किल्स प्रोग्राम, भारत के 50 लाख युवाओं को देंगे ट्रेनिंग

Vedant Samachar
3 Min Read

भारत में तेजी से बढ़ती तकनीक और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को देखते हुए IBM ने एक बड़ा ऐलान किया है. कंपनी ने कहा है कि वह साल 2030 तक देशभर में करीब 50 लाख भारतीय युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित करेगी. यह पहल IBM के SkillsBuild प्लेटफ़ॉर्म के जरिए चलाई जाएगी, जिसका उद्देश्य भविष्य के लिए तैयार, टेक-स्किल्ड वर्कफ़ोर्स तैयार करना है.

कॉलेज और ट्रेनिंग हब में जोड़ा जाएगा
IBM का प्लान सिर्फ कॉलेज छात्रों पर ही नहीं, बल्कि स्कूल छात्रों और वयस्क learners को भी शामिल करता है. कंपनी उभरती तकनीकों को शिक्षा प्रणाली में जोड़ने के लिए स्कूल, यूनिवर्सिटी और व्यावसायिक संस्थानों के साथ काम करेगी.इस मिशन का एक अहम हिस्सा है ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्निकल एजुकेशन (AICTE) के साथ साझेदारी. AICTE के सहयोग से AI आधारित पाठ्यक्रम को कॉलेजों में शामिल किया जाएगा, शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी और छात्रों को प्रैक्टिकल ज्ञान मिलेगा. इसका सीधा फायदा उन युवाओं को मिलेगा जो आगे टेक्नोलॉजी सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं.

भारत को बताया भविष्य का टेक लीडर
IBM के चेयरमैन और CEO अरविंद कृष्णा ने कहा कि भारत के पास वो टैलेंट और क्षमता है, जिसकी मदद से भारत AI और क्वांटम टेक्नोलॉजी में दुनिया का नेतृत्व कर सकता है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नई तकनीकों की समझ ही तय करेगी कि कोई देश आर्थिक रूप से कितना मजबूत और प्रतिस्पर्धी है. उनके मुताबिक हम 50 लाख युवाओं को स्किल देने का जो वादा कर रहे हैं, वह भारत के भविष्य में एक निवेश है.

स्कूल स्तर पर भी फोकस
यह पहल सिर्फ उच्च शिक्षा के स्तर पर ही सीमित नहीं रहेगी. IBM स्कूल स्तर पर भी AI की पढ़ाई शुरू करने जा रहा है. इसके लिए सीनियर सेकेंडरी छात्रों के लिए AI कोर्स, AI प्रोजेक्ट कुकबुक, टीचर हैंडबुक जैसे टूल तैयार किए जा रहे हैं, ताकि बच्चे AI की नैतिकता, जिम्मेदार उपयोग और computational thinking भी सीख सकें.

3 करोड़ लोगों को स्किल्ड बनाना लक्ष्य
IBM का यह मिशन सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. कंपनी का लक्ष्य है कि वह साल 2030 तक दुनिया के 30 मिलियन यानी 3 करोड़ लोगों को ट्रेनिंग दे. क्यों है यह पहल महत्वपूर्ण AI और साइबर सिक्योरिटी में नौकरियां बढ़ रही हैं. भारत के पास युवा आबादी का बड़ा आधार है. टेक स्किल से रोजगार के नए अवसर खुलेंगे. नई तकनीकों की मांग और युवाओं की क्षमता को मिलाने का यह प्रयास भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा.

Share This Article