बिलासपुर, 20 दिसंबर (वेदांत समाचार)। आज दिनांक 20 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (भा.पु.से.) द्वारा थाना सरकण्डा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर में मौजूद फरियादियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं और प्राप्त आवेदनों के त्वरित व प्रभावी निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष का अवलोकन किया और सीसीटीएनएस ऑपरेटर से प्रणाली के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। रिकॉर्ड संधारण एवं डाटा अद्यतन की स्थिति संतोषजनक पाए जाने पर सीसीटीएनएस आरक्षक रविशंकर ध्रुव के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें ईनाम देने की घोषणा की गई।

इसके पश्चात रीडर शाखा का निरीक्षण किया गया, जहां पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली गई। दिसंबर माह से पूर्व का कोई भी पासपोर्ट सत्यापन प्रकरण लंबित नहीं पाया गया तथा चरित्र सत्यापन के मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया गया है। इस सराहनीय कार्य के लिए रीडर आरक्षक लालबहादुर कुर्रे को ईनाम दिए जाने की अनुशंसा की गई तथा शेष प्रकरणों के शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
विवेचक कक्ष के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्वयं उपस्थित विवेचकों से पुराने लंबित अपराधों की जानकारी ली। विवेचक सहायक उप निरीक्षक प्रवीण लाल एवं प्रधान आरक्षक राजेश्वर छत्री के पास वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं पाया गया, जबकि वर्ष 2025 के मात्र एक-एक प्रकरण लंबित पाए गए। इस पर उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें भी उचित ईनाम देने की घोषणा की गई। अन्य विवेचकों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने बीट क्षेत्रों में सतत गश्त सुनिश्चित करने, चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए। साथ ही थाना क्षेत्र के गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर कड़ी हिदायत देने तथा सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए निरंतर सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। विगत दिनों में 35 गुंडा-बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई है। वहीं आज ही 06 बदमाशों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा 01 बदमाश के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। इनमें चाकूबाजी जैसे गंभीर अपराधों में पूर्व में संलिप्त और जेल से रिहा होने के बाद पुनः आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय अपराधी भी शामिल हैं।
आज की गई आर्म्स एक्ट की कार्यवाही से संतुष्ट होकर प्रधान आरक्षक विजय पाण्डे को ईनाम देने की घोषणा की गई, जबकि थाना के समग्र एवं सुचारु संचालन से संतुष्ट होकर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य को नगद ईनाम देने की घोषणा की गई।
निरीक्षण के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना सरकण्डा के समस्त विवेचकों को अपराध निराकरण में और अधिक गति लाने के लिए प्रेरित किया तथा वर्ष के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को उचित ईनाम दिए जाने की घोषणा की।



