Vedant Samachar

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के घर और बैस्टियन रेस्टोरेंट पर इनकम टैक्स का छापा

Vedant samachar
2 Min Read

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई उनके स्वामित्व से जुड़े बैस्टियन रेस्टोरेंट और उससे संबंधित कंपनियों के वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है। बताया जा रहा है कि टैक्स से जुड़ी कथित अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने यह कदम उठाया।

जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स की अलग-अलग टीमें कई घंटों से शिल्पा शेट्टी के घर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर जांच कर रही हैं। इस दौरान रेस्टोरेंट और उससे संबंधित कंपनियों के वित्तीय रिकॉर्ड, आय-व्यय से जुड़े दस्तावेज और बैंक लेन-देन की गहन पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार इससे एक दिन पहले बुधवार को इनकम टैक्स विभाग ने शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले बेंगलुरु स्थित ‘बैस्टियन’ पब पर भी छापा मारा था। यह पब शहर के प्रमुख और महंगे पब्स में गिना जाता है और सेंट मार्क्स रोड पर स्थित है। इनकम टैक्स अधिकारियों ने सुबह से ही पब में पहुंचकर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी थी।

बताया जा रहा है कि पब के संचालन से जुड़े आयकर भुगतान में अनियमितताओं की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान इनकम टैक्स विभाग की टीम में दस से अधिक अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने वित्तीय रिकॉर्ड, बिलिंग सिस्टम और अन्य दस्तावेजों की जांच की।

फिलहाल इनकम टैक्स विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही टैक्स अनियमितताओं को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Share This Article