कोरबा, 18 दिसम्बर 2025। कोरबा जिले के 18वें कलेक्टर के रूप में अजीत वसंत का कार्यकाल संवेदनशील प्रशासन, स्पष्ट निर्णय और विकासोन्मुख दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। 4 जनवरी 2024 को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने प्रशासन को जनता से जोड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में ठोस पहल की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में डीएमएफ फंड के सुव्यवस्थित उपयोग से जिले के विकास को मजबूत आधार मिला। शिक्षा क्षेत्र में शिक्षकविहीन विद्यालयों में शिक्षकों की व्यवस्था, कमजोर विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल कक्षाएं, आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग तथा उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समाज के शिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने, स्वास्थ्य विभाग में आवश्यक नियुक्तियां सुनिश्चित करने और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों व स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं स्वीकृत करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
अपने कार्यकाल में पेयजल, सड़क और अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। डीएमएफ के माध्यम से स्कूलों में सुबह के नाश्ते की व्यवस्था, आंगनबाड़ी और स्कूलों में गैस चूल्हों की सुविधा, जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों की स्वीकृति तथा दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों, पुलों और पुलियों के निर्माण से जिले के आवागमन और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ।
अजीत वसंत ने पीएम जनमन योजना, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ लोकसभा और नगरीय निकाय निर्वाचन का सफल संचालन भी सुनिश्चित किया। स्कूली बच्चों के जाति प्रमाणपत्र बनवाने की पहल से हजारों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिला।
18 दिसम्बर 2025 को मड़वारानी क्लब में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ प्रेमलता यादव, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
कोरबा जिले ने एक संवेदनशील और कर्मठ प्रशासक को विदा किया है, जिनके विकास कार्य आने वाले वर्षों तक जिले को दिशा देते रहेंगे।



