Vedant Samachar

IPL Auction 2026 में जिसे किसी टीम ने नहीं खरीदा, उसने ठोका जबरदस्त शतक, 17 बार गेंदों को किया बाउंड्री पार

Vedant Samachar
4 Min Read

नई दिल्ली,18 दिसंबर : 16 दिसंबर को आईपीएल 2026 के लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन हुआ. जहां डेवॉन कॉनवे ने अपनी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखी थी. लेकिन, इस रकम पर भी उन्हें किसी भी आईपीएल फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा. अब दो दिन बाद यानी 18 दिसंबर को अगले ही मैच में, अपनी अगली ही पारी में, उन्होंनेअपने बल्ले से करारा जवाब दिया है. डेवॉन कॉनवे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही तीसरे टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा है. बेशक, आईपीएल व्हाइट बॉल का खेल है और डेवॉन कॉनवे ने शतक रेड बॉल क्रिकेट में जमाया है. मगर इससे कॉनवे के फॉर्म में होने का पता तो चलता ही है.

डेवन कॉनवे ने कितनी गेंदों पर जमाया शतक?
डेवन कॉनवे ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट की पहली पारी में अपना जबरदस्त शतक 149 गेंदों पर पूरा किया. उन्होंने इस दौरान 17 बार गेंदों को बाउंड्री के पार मारा. कॉनवे के शतक तक पहुंचने में सभी बाउंड्रीज चौके के रूप में आई. बाएं हाथ के बल्लेबाज डेवन कॉनवे का ये छठा टेस्ट शतक है. वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ ये उनका पहला ही टेस्ट शतक है.

डेवन कॉनवे और टॉम लैथम की जोड़ी हिट है
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए डेवन कॉनवे ओपनिंग करने उतरे थे. उन्होंने टॉम लैथम के साथ ओपन करते हुए ना सिर्फ अपना सैंकड़ा पूरा किया बल्कि रिकॉर्ड पार्टनरशिप भी की. कॉनवे और लैथम की जोड़ी पार्टनरशिप में रन बनाने के मामले में धीरे-धीरे सफलता के नए आयाम गढ़ती दिख रही है.

तीसरा टेस्ट शुरू होने से पहले कॉनवे और लैथम बतौर पार्टनर रन बनाने के मामले में न्यूजीलैंड की 7वीं सबसे सफल जोड़ी थे. लेकिन, अब वो टॉप 3 में पहुंच चुके हैं. दोनों टेस्ट में किए पार्टनरशिप में अब तक 1900 से ज्यादा रन बना चुके हैं.

टॉम लैथम ने भी जमाया शतक
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में एक छोर से जमाए डेवन कॉनवे के शतक के बाद दूसरे छोर से टॉम लैथम ने भी शतक जड़ा है. न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान लैथम ने अपने टेस्ट करियर का 15वां शतक जड़ा.

डेवन कॉनवे का टेस्ट करियर कैसा है?
डेवन कॉनवे के टेस्ट करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था. तब से अब तक खेले 32 टेस्ट में वो 2300 से ज्यादा रन बना चुके हैं.

IPL में डेवन कॉनवे का रिकॉर्ड कैसा है?
IPL में उन्होंने साल 2022 में CSK के लिए डेब्यू किया था. तब से 2025 तक वो CSK से ही आईपीएल खेले. इस दौरान 29 IPL मैचों में उन्होंने 1080 रन बनाए. IPL में उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 92 रन का था. लेकिन IPL 2026 के ऑक्शन से पहले CSK ने उन्हें रिलीज कर दिया था, जिसके बाद कॉनवे को ऑक्शन में उतरना पड़ा. मगर यहां इस बार उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला.

Share This Article