Vedant Samachar

ओडिशा का दंतैल हाथी पहुंचा रायगढ़ तालाब में गिरने के बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाला ग्रामीणों में दहशत…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़,16 दिसंबर (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले में ओडिशा से भटकते हुए एक दंतैल हाथी जामगांव के जंगल में पहुंच गया है। इससे पहले कोतरलिया रेलवे स्टेशन के पास एक मादा व शावक को देखा गया था। वन अमले को जानकारी मिलने के बाद लगातार उसके लोकेशन पर नजर रखी जा रही है। मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रविवार (14 दिसंबर) की रात को एक हाथी टारपाली, पतरापाली, कारीछापर, कुकुर्दा होते हुए ओडिशा के जंगल पहुंचा, जहां वह किसी तालाब में गिर गया था।

ओडिशा की वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। उसी दिन एक मादा व शावक कोतरलिया रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गए। चिंघाड़ की आवाज सुनकर जब लोगों को इसकी जानकारी हुई, तो ग्रामीणों के बीच डर का माहौल हो गया। लेकिन मादा हाथी और शावक वापस ओडिशा के धनुबांस के जंगल में लौट गए और शाम ढलने के बाद दंतैल हाथी ओडिशा से वापस कुकुर्दा के रास्ते से जामगांव सर्किल में आ गए। बताया जा रहा है कि सुबह तकरीबन 4-5 बजे कुकुर्दा और महापल्ली के बीच उसने क्रॉस किया, जिसे फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी ने देखा। अभी हाथी की मौजूदगी जामगांव जंगल में ही है।

जामगांव सर्किल के महापल्ली क्षेत्र हाथियों की मौजूदगी नहीं होती है। ऐसे में जिला मुख्यालय से महज 10-15 किमी दूरी में जब हाथी आने की जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो उनके बीच भय का माहौल निर्मित हो गया। हांलाकि हाथी ने किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया है। जामगांव सर्किल प्रभारी एमएस बरिया ने बताया कि हाथी का ट्रैकिंग करने पर जानकारी मिला कि अभी वह कुकुर्दा व महापल्ली के बीच जंगल में है। लगातार उसका लोकेशन ट्रेस किया जा रहा है। आसपास गांव में सुरक्षा के लिहाज से मुनादी कराई गई है और लोगों को समझाइश दी जा रही है कि जंगल की ओर न जाए।

Share This Article