कोरबा,25 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिले में अज्ञात चोरों ने न्यू राजस्व कॉलोनी और डिंगापुर क्षेत्र में दो अलग-अलग मकानों को निशाना बनाते हुए हजारों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एक मामले में जिला न्यायालय के सहायक लेखापाल तो दूसरे में खनिज विभाग में पदस्थ माइनिंग इंस्पेक्टर चोरी के शिकार बने हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, न्यू राजस्व कॉलोनी रामपुर निवासी राकेश कुमार पाण्डेय, जो जिला न्यायालय कोरबा में सहायक लेखापाल के पद पर पदस्थ हैं, दीपावली मनाने 19 अक्टूबर को अपने ग्राम भिलाई बाजार, कुसमुण्डा गए हुए थे। जब वे 22 अक्टूबर की शाम लगभग 7 बजे घर लौटे तो पाया कि पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में प्रवेश किया और आलमारी एवं दीवान में रखे कपड़े, टीवी व लगभग 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इस शासकीय आवास से कुल करीब 55 हजार रुपये मूल्य के सामान की चोरी बताई जा रही है। मामले में राकेश पाण्डेय की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 305(ए), 331(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।
दूसरी वारदात परी कुंज, डिंगापुर स्थित माइनिंग इंस्पेक्टर के किराए के मकान में घटी। यहां 19 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से लेकर 21 अक्टूबर शाम 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी की अंगूठियां, एक जोड़ी चांदी की पायल, बच्चों का कंगन, नकद 50 हजार रुपये और एप्पल आईफोन 14 प्रोमैक्स चोरी कर लिया।
घटना की सूचना मिलने पर वे 23 अक्टूबर को दोपहर लगभग 2:15 बजे घर लौटे तो चोरी का खुलासा हुआ। इस मामले में भी पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि दोनों वारदातों के तार जोड़ने और संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



