Vedant Samachar

बीकन स्कूल एसईसीएल कोरबा में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 27 जनवरी (वेदांत समाचार)। बीकन स्कूल एसईसीएल कोरबा में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सृष्टि महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अनीता गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में किया गया। सर्वप्रथम श्रीमती गुप्ता द्वारा विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ समारोह की विधिवत शुरुआत हुई।

ध्वजारोहण उपरांत अपने प्रेरक एवं सारगर्भित उद्बोधन में श्रीमती अनीता गुप्ता ने विद्यार्थियों को गणतंत्र का वास्तविक अर्थ समझाते हुए संविधान की आवश्यकता और उसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को संस्कारयुक्त, विनम्र एवं अनुशासित रहकर अध्ययन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालयीन विद्यार्थियों द्वारा संविधान विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने सराहा। बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरे परिसर में देशभक्ति और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम का कुशल संचालन श्रीमती एम.जे. चौहान एवं श्रीमती नीना हिनंडारिया द्वारा किया गया। अंत में सुश्री शोभा नाडिग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती कल्पना मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित यह समारोह सफलतापूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जी.एस. पटेल, देवेंद्र पांडेय, परमिता बारीक, मनीषा बारीक, डी. सिंह, रश्मि इग्नेशियस, सालोमी बाघ, अपराजिता सेठ, शांतनु सेठ, रिया चक्रवर्ती, बीना, यशवंत, ममता, अनामिका, मंजू, सुजाता, वेद प्रकाश, नरोत्तम, निखिलेश, मिठू चटर्जी, लखन, संतोषी एवं अरुणा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Share This Article