इस प्रदेश के रेड लाइट एरिया से छत्तीसगढ़ की 41 नाबालिग लड़कियां बरामद

पुलिस ने की छापेमारी, लड़कियों को एनजीओ को सौंपा

बिहार के रोहतास जिले में स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी के दौरान छत्तीसगढ़ की 41 नाबालिग लड़कियां बरामद की गईं। पुलिस ने बताया कि ये लड़कियां देह व्यापार के धंधे में लिप्त थीं। पुलिस ने सभी लड़कियों को अपने कब्जे में लेकर वहां एक एनजीओ को सौंप दिया है।

दुर्ग जिले की तीन लड़कियां भी बरामद

पुलिस की रेड में मिली 41 नाबालिग लड़कियों में तीन लड़कियां दुर्ग जिले की भी हैं। इनके साथ एक नाबालिग लड़का भी है। दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने एक टीम बिहार भेजने निर्देश दिया। दुर्ग पुलिस की टीम रोहतास जाकर बच्चियों से मिल चुकी है।

लड़कियों ने बताया, नाचने गाने का काम करते थे

पूछताछ में बच्चियों ने बताया कि उनके साथ कोई देह व्यापार नहीं कराया जा रहा था। वो लोग नाचने गाने का काम करते हैं। पैसा कमाने के लालच में उनके माता पिता ने खुद अपनी मर्जी से बिहार नाचने के लिए भेजा था। लड़कियों ने देहव्यापार करने या कराने से साफ मना किया है।

दुर्ग पुलिस की टीम लड़कियों को लेकर वापस आएगी

दुर्ग पुलिस की टीम अभी शासापुर पहुंची हैं। कल टीम रोहतास पहुंचेगी। वहां वो लोग रोहतास पुलिस और महिला बालविकास विभाग की टीम की मदद से तीनों बच्चियों को अपनी सुपुर्दगी में लेकर दुर्ग लाएगी। ऐसा कहा जा रहा है कि टीम बच्चियों को लेकर 13 मार्च की रात तक पहुंच जाएगी।