कठुआ 08 अक्टूबर । जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर सेक्टर में बुधवार दोपहर कीड़ीयां पुल के पास पुलिस नाका चेकिंग के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस ने कीड़ीयां से कठुआ की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का संकेत दिया। बाइक पर सवार तीन युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की।
भागते समय उनकी बाइक सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे तीनों युवक गिर पड़े और घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत उन्हें काबू में लेकर कठुआ मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में से एक की पहचान मुराद अली (पुत्र तेग अली, निवासी जखबर, कठुआ) के रूप में हुई है, जिसे गंभीर चोटों के चलते जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। दूसरा आरोपी जुका (पुत्र बशीर, निवासी सरोर, बाड़ी ब्राह्मणा, जम्मू) बताया जा रहा है, जबकि तीसरे की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल बरामद की है। फिलहाल मामले की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



