Vedant Samachar

सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में एनसीसी कैडेट्स के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 24 दिसंबर (वेदांत समाचार)। आज सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में एनसीसी कैडेट्स के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विद्यालय के लगभग 250 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन के सदस्य, शिक्षकगण सहित सभी विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ट्रैफिक टीआई तेजकुमार यादव ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क पर चलते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग कितना आवश्यक है, निर्धारित गति सीमा का पालन क्यों जरूरी है तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना कितना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने पैदल यात्रियों से जुड़े नियमों, ज़ेब्रा क्रॉसिंग के महत्व और ट्रैफिक सिग्नलों के सही अर्थ के बारे में भी विद्यार्थियों को विस्तार से समझाया।

एएसआई मनोज राठौर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका समाधान सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। अंत में स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की जानकारी एएसआई मनोज राठौर द्वारा दी गई।

Share This Article