Vedant Samachar

पोड़ी उपरोड़ा में यातायात सड़क सुरक्षा पर जागरूकता शिविर, 170 विद्यार्थियों व शिक्षकों ने लिया भाग

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा/पोड़ी उपरोड़ा, 12 जनवरी (वेदांत समाचार)। आईटीआई एवं एकलव्य विद्यालय, पोड़ी उपरोड़ा में आज सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर से पहुंचे एआईजी ट्रैफिक श्री संजय शर्मा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा नशा मुक्ति के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इस जागरूकता शिविर में लगभग 170 विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

एआईजी संजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। साथ ही साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतने की अपील की। नशा मुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने युवाओं से स्वस्थ और अनुशासित जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से संबंधित व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों के सवालों के जवाब भी दिए और यातायात नियमों को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एएसआई ईश्वरी लहरें, राम नारायण रात्रें, कटघोरा थाना प्रभारी टीआई धर्म नारायण तिवारी, हेड कांस्टेबल संतोष सिंह, जय यादव एवं राकेश दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इस जागरूकता शिविर को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Share This Article