Vedant Samachar

आईटीएमएस कैमरों से ही बनेंगे 100 प्रतिशत ई-चालान, जुर्माना न भरने पर परिवहन सेवाएं होंगी बाधित

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,01 फरवरी(वेदांत समाचार)। पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक में स्थापित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-चालान निर्माण की प्रक्रिया एवं आईटीएमएस के अंतर्गत संचालित विभिन्न तकनीकी प्रणालियों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर ने यातायात अधिकारियों को निर्देशित किया कि कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध केवल आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से शत-प्रतिशत ई-चालान तैयार किए जाएं। ई-चालान बनने के बाद संबंधित वाहन स्वामी को मोबाइल पर एसएमएस एवं व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से सूचना दी जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों द्वारा निर्धारित 90 दिनों की अवधि में ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाएगा। साथ ही परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर ऐसे वाहनों एवं वाहन स्वामियों की लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा तथा प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाओं को अस्थायी रूप से रोका जाएगा। जुर्माना राशि का भुगतान होने के बाद ही ये सेवाएं पुनः प्रारंभ की जाएंगी।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस व्यवस्था से ई-चालान की वसूली में वृद्धि होगी और वाहन चालक यातायात नियमों के पालन को गंभीरता से लेंगे, जिससे शहर में यातायात अनुशासन स्थापित होगा।

उन्होंने मौके पर मैनुअल चालान की कार्रवाई को न्यूनतम रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारियों को प्रदाय किए गए ई-चालान डिवाइस का अनिवार्य रूप से उपयोग किया जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो लेकर उसे आईटीएमएस सिस्टम में भेजकर ई-चालान तैयार किया जाए, जिससे कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे और अनावश्यक विवादों से बचा जा सके।

गंभीर प्रकृति के उल्लंघन जैसे नशे की हालत में वाहन चलाना या नो-एंट्री के मामलों में मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर चालान बनाकर न्यायालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को बंद पड़े सिग्नलों एवं कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम जनता की सुविधा के लिए स्थापित किया गया है, अतः यातायात पुलिस से सूचना मिलते ही खराब सिग्नल या कैमरों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान आईटीएमएस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, दीपक मालवीय (मैनेजर, एल एंड टी), यातायात थाना मुख्यालय प्रभारी सउनि टी.के. लाल भोई सहित आईटीएमएस में कार्यरत यातायात स्टाफ उपस्थित रहा।

Share This Article