पत्नी ने ईंट से वारकर पति की ली जान,वाइफ को किसी और के साथ घूमते देखा था, अवैध संबंध के शक में हुआ था झगड़ा

पाकुड़,28 फ़रवरी 2025/ पत्नी ने ईंट से चेहरे पर वारकर पति की हत्या कर दी। घटना हिरणपुर थाना क्षेत्र के धरनीपहाड़ गांव की गुरुवार रात की है। परिजनों के अनुसार, युवक को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। इसी बात पर रात में घर पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद महिला ने उसकी हत्या कर दी।

इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान लोफड़ा पहाड़िया (30) के रूप में की गई है। लोफड़ा की शादी 11 साल पहले जुनकी पहाड़िन के साथ हुई थी। दंपती का एक 8 वर्षीय पुत्र भी है।

महाशिवरात्रि के दिन किसी और के साथ देखा था पत्नी को

मृतक के चचेरे भाई शिबू पहाड़िया ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन लोफड़ा ने जुनकी पहाड़िन को किसी और के साथ घूमते देखा था। इसके बाद से दोनों में झगड़ा चल रहा था। इस हत्या में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

लोगों ने हत्या की सूचना मृतक के पिता को दी

शिबू पहाड़िया ने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व में गांव में बैठक भी हुई थी, लेकिन विवाद नहीं सुलझा था। इधर, हत्या के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना मृतक के पिता को दी। वो इस गांव के दूसरे टोला में रहते हैं। पिता और उसके भाई मौके पर पहुंच कर इसकी सूचना गांव के प्रधान और पुलिस दी गई।

आरोपी महिला गिरफ्तार

वहीं, पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपी जुनकी पहाड़िन को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया।

error: Content is protected !!